हापुड़ में बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के पास खड़े धम्म चेतना अभियान ट्रस्ट के सदस्य।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश), 27 सितंबर। धम्म चेतना अभियान ट्रस्ट (DCA) की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ संगठन को नई कमान सौंपी गई है। संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी बलराम सिंह नागवंशी ने सुभाष चंद गौतम को सर्वसम्मति से ट्रस्ट का अध्यक्ष घोषित किया। प्रमोद कुमार को संगठन सचिव और संदीप कुमार को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई नियुक्तियों के बाद संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह का माहौल है।

धम्म चेतना अभियान ट्रस्ट का उद्देश्य शिक्षा, संगठन, सेवा एवं स्वाभिमान के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना तथा जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्य करना है। नई कार्यकारिणी के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को विस्तार देने पर जोर दिया जाएगा।

इस अवसर पर संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी बलराम सिंह नागवंशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी सहयोग, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता से संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से ट्रस्ट के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेश कुमार भाटी (जाटव) ने भी नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष चंद गौतम एवं संगठन सचिव प्रमोद कुमार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सामाजिक सेवा, शिक्षा, जागरूकता और जनहित के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी।

कार्यक्रम के अंत में मेरठ रोड स्थित तहसील परिसर में नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष चंद गौतम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने भारतीय संविधान की रक्षा करने तथा धम्म चेतना अभियान ट्रस्ट के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष नरेश कुमार भाटी (जाटव), कोर टीम सदस्य रतन अर्जुन, उपकोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संगठन सचिव प्रमोद कुमार, संरक्षक संदीप कुमार, गौतम सिंह, हैप्पी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

धम्म चेतना अभियान ट्रस्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Tags: