कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित गढ़मुक्तेश्वर के गढ़ गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए मेला इंचार्ज विनोद पांडे व पुलिस टीम ने मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की।

कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित गढ़ गंगा मेले में हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ हापुड़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। DIG कलानिधि नैथानी के स्पष्ट निर्देशों के बाद मेला क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने और वाहनों से रौब दिखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थार और मॉडिफाइड गाड़ियों से मेले में भौकाल बनाने की कोशिश करने वालों पर मेला इंचार्ज विनोद पांडे ने कार्रवाई की।

गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित ऐतिहासिक गढ़ गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच कुछ असामाजिक तत्व अपनी थार और मॉडिफाइड गाड़ियों के जरिए अलग रौब दिखाने की कोशिश कर रहे थे। धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए मेला इंचार्ज विनोद पांडे ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने संबंधित लोगों को नियम-कानून का पालन करने की हिदायत दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की।

मेला इंचार्ज विनोद पांडे ने स्पष्ट किया कि मेले की व्यवस्था बिगाड़ने और आमजन को परेशान करने वालों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। किसी भी व्यक्ति को अपने रसूख, गाड़ी या दबंगई के दम पर नियमों को चुनौती देने की छूट नहीं दी जाएगी।

कार्तिक पूर्णिमा मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हापुड़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह के निर्देशन में सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार मेला क्षेत्र में निगरानी और व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

विनोद पांडे ने दोहराया कि श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे गंगा स्नान और धार्मिक आयोजन में शामिल होने के बाद सकुशल अपने घर लौट सकें।

Tags: