तस्वीर में शिक्षक अलीगंज विधायक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए।

टीचर्स सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश की जनपद एटा शाखा द्वारा संचालित टीचर्स सेल्फ केयर समिति के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने बुधवार देर शाम करीब आठ बजे अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं उनके परिवारों के हित में उपलब्ध कराई जा रही कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा एसबीआई के साथ एमओयू के माध्यम से इंश्योरेंस सहित अन्य सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया गया। साथ ही शिक्षकों की विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया।

शिक्षकों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग लगातार प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में बड़ी राहत मिली है। एसबीआई के साथ एमओयू के माध्यम से इंश्योरेंस एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने से शिक्षक और उनके परिवार आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित हुए हैं। समिति ने इन सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

शिक्षकों ने मांग की कि वर्तमान में उपलब्ध कैशलेस चिकित्सा सुविधा को सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रखा जाए। उनका कहना है कि नौकरी के दौरान चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता रहती है, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद बढ़ती उम्र के कारण स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें और अधिक बढ़ जाती हैं। ऐसे में सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं उनके परिवारों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलता रहना जरूरी है।

ज्ञापन में स्वजन की मृत्यु होने पर 15 दिन का विशेष अवकाश दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध सीमित अवकाश व्यवस्था के कारण किसी परिजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार और उससे जुड़ी धार्मिक एवं सामाजिक क्रियाओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

शिक्षकों ने ज्ञापन में कहा कि भारत धर्म, संस्कृति और संस्कारों को महत्व देने वाला देश है। विभिन्न धर्मों में अंतिम संस्कार एवं उससे संबंधित परंपराओं को पूरा करने के लिए परिवार के सदस्यों की मौजूदगी आवश्यक होती है। हिंदू धर्म में मृत्यु के बाद होने वाली विभिन्न क्रियाओं के लिए भी कई दिनों तक परिवार के सदस्यों का साथ रहना आवश्यक होता है। इसी को देखते हुए शिक्षकों ने किसी स्वजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार एवं संबंधित धार्मिक क्रियाओं के लिए 15 दिन का विशेष अवकाश प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।

समिति ने शिक्षकों के लिए सैलरी पैकेज सुविधा को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने का भी मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। शिक्षकों ने कहा कि बैंकिंग, इंश्योरेंस और अन्य वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं शिक्षक एवं उनके परिवारों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं। उन्होंने सरकार से शिक्षक हित में इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं, संस्कारों और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की भावना को बढ़ावा दिए जाने का भी उल्लेख किया गया। शिक्षकों का कहना था कि कर्मचारियों को पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक अवकाश की व्यवस्था मिलने से वे अपने कर्तव्यों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर को सौंपते समय अलीगंज और जैथरा विकासखंड के करीब दो दर्जन से अधिक शिक्षक मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में एटा जिला सह संयोजक गणेश तिवारी, एटा जिला सह संयोजक मिथुन यादव, जिला सह संयोजक नरेंद्र सिंह, ब्लॉक संयोजक राजेश शाक्य, ब्लॉक प्रवक्ता योगेश शर्मा, ब्लॉक सह संयोजक सचिन गुप्ता, रमन दीक्षित सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। शिक्षकों ने विधायक से उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर शिक्षक हित में सकारात्मक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।

Tags: