मीरजापुर: बाणसागर नहर बंधी में डूबने से 17 साल की किशोरी की मौत
लालगंज के गुलालपुर में मंगलवार से लापता किशोरी का शव मिला, ग्रामीणों ने नहर किनारे सुरक्षा फेंसिंग लगाने की मांग दोहराई।
तस्वीर में ग्रामीण एक ग्रामीण मकान के बाहर इकट्ठा खड़े दिखाई दे रहे हैं।
मीरजापुर जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के गुलालपुर गांव में बकरी चराने गई 17 वर्षीय किशोरी की दूसरे दिन बुधवार को बाणसागर नहर के पास स्थित बंधी से लाश मिलने पर हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है। शव बरामद होने के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गुलालपुर गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी आरती पुत्री प्रेम नारायण मंगलवार को बकरी चराने के लिए घर से गई थी। बाणसागर नहर के पास स्थित बंधी में पैर फिसलने से उसके डूबने की बात सामने आई। मंगलवार देर शाम तक आरती घर नहीं लौटी तो परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे।
बुधवार सुबह सीवान की ओर गए ग्रामीणों ने पानी में किशोरी का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालगंज प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय और लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार किशोरी की मौत पानी में डूबने से हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र में बाणसागर नहर के किनारे ऐसे हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे अर्से से मांग करते आ रहे हैं। बाणसागर नहर परियोजना के अंतर्गत कई क्षेत्रों में पानी के तेज बहाव और सुरक्षा फेंसिंग न होने के कारण पहले भी ऐसे दु:खद हादसे सामने आ चुके हैं। ग्रामीण इन घटनाओं के संदर्भ में अक्सर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं, बावजूद इसके इस ओर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। परिणामस्वरूप क्षेत्र में अक्सर हादसे होते आए हैं।