तस्वीर में मिर्ज़ापुर का हलिया थाना परिसर और एक बुजुर्ग महिला की फोटो दिख रही है।

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के जिलों में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। मिर्ज़ापुर जिले में बारिश के कारण विभिन्न हिस्सों में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। इसी बीच हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया कला गांव में मंगलवार रात कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिरने से उसके मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया गांव निवासी 80 वर्षीय सुभागी देवी पत्नी स्वर्गीय गंभीर पाल मंगलवार रात अपने कच्चे मकान में चारपाई पर लेटी थीं। इसी दौरान भारी बारिश के कारण मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से वृद्ध महिला गंभीर रूप से दब गई।

मकान गिरने की आवाज सुनकर घर के अंदर से आई बहू मंजू ने बाहर आकर हो-हल्ला मचाया। शोर सुनकर अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे से वृद्ध महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस सहित राजस्व विभाग को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई। परिजनों ने क्षेत्रीय लेखपाल को भी घटना की जानकारी दी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कच्चे मकान की दीवार बारिश के कारण गिरने से मलबे के नीचे दबने से वृद्ध महिला की मौत हुई है। परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

Tags: