एटा: शराब की लत और पत्नी के जाने से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, रेस्क्यू
एटा के ग्राम इमादपुर में पत्नी के मायके जाने से तनावग्रस्त युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, पुलिस और दमकल टीम ने 1 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा।
तस्वीर में एक युवक पानी की टंकी के शीर्ष पर रेलिंग के पास बैठा हुआ है।
अलीगंज। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम इमादपुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक करीब एक घंटे तक टंकी के ऊपर रहा और वहां से नीचे खड़ी भीड़ की ओर हाथ हिलाता रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरबी, थाना राजा का रामपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक समझाने के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
थाना राजा का रामपुर के थानाध्यक्ष रोहित राठी ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक की पत्नी नशे की लत के कारण कुछ समय पूर्व उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से युवक मानसिक रूप से परेशान रहता है और आए दिन पेड़ आदि ऊंची जगहों पर चढ़ जाता है। बुधवार को भी वह इमादपुर गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया।
थानाध्यक्ष के मुताबिक सूचना मिलने पर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद रेस्क्यू टीम के पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान योगेश पुत्र राधेश्याम निवासी नगला मोहन, थाना राजा का रामपुर, जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गांव के अवनीश पुत्र गंगाराम और इंदरजीत पुत्र बालकराम निवासी नगला मोहन के सुपुर्द कर दिया।
घटना के दौरान युवक के रेस्क्यू का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक पानी की टंकी के ऊपर रेस्क्यू टीम के बीच दिखाई दे रहा है। टीम के सदस्य उसे सुरक्षित पकड़े हुए नजर आ रहे हैं, जबकि युवक नीचे खड़ी भीड़ की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन टीम ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया।
वहीं गांव निवासी सीताराम ने बताया कि युवक मंदबुद्ध है और उसकी पत्नी करीब छः महीने पहले अपने मायके चली गई है। उन्होंने बताया कि युवक पहले बहुत शराब पिता था। गांव नगला मोहन से इमादपुर गांव की टंकी करीब एक किलो मीटर दूरी पर है।
पुलिस के अनुसार घटना में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं हुई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम की कार्रवाई के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसके परिचितों के सुपुर्द कर दिया गया।