तस्वीर में बिजली के पोल से उलझे तारों के पास एक साइकिल पड़ी दिख रही है।

अलीगंज। बाजार से साइकिल से घर लौट रहा पीडीएस स्कूल का कक्षा सात का 12 वर्षीय छात्र सड़क पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर घायल हो गया। करंट लगते ही छात्र करीब पांच फीट दूर जा गिरा, जबकि उसकी साइकिल बिजली के पोल से चिपक गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल छात्र केशव शर्मा वृंदावन धाम कॉलोनी का निवासी है। बताया गया कि वह बाजार से साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया।

छात्र के पिता योगेश शर्मा ने बताया कि वह खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चल रहे प्रशिक्षण में शामिल थे। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बेटे के करंट की चपेट में आने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बेटे की साइकिल बिजली के पोल के तारों से चिपकी हुई थी, जबकि बेटा पास की स्थानीय दुकान पर मौजूद था और काफी घबराया हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शी संजू के मुताबिक, घटना के समय सड़क से एक चार पहिया वाहन गुजर रहा था। वाहन को रास्ता देने के प्रयास में छात्र ने साइकिल को दूसरी तरफ से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान वह सड़क पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया। संजू के अनुसार, करंट लगने के बाद छात्र करीब पांच फीट दूर जा गिरा, जबकि उसकी साइकिल बिजली के पोल से चिपकी रह गई।

छात्र के पिता योगेश शर्मा ने घटना को बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि सड़क पर खुले में पड़े तारों को लेकर विभाग की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर करीब आधा दर्जन से अधिक विद्यालय और कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं। ऐसे में सड़क पर खुले तार पड़े रहना विद्यार्थियों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

मामले में अलीगंज एसडीओ ने बताया कि यह एलटी लाइन का मामला है और प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर को ऊपर करवाया जाएगा, ताकि इस तरह की समस्या को दूर किया जा सके। सड़क पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आने की यह घटना विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है।

Tags: