तस्वीर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और हापुड़ के बसपा सभासद पोहित सिंह नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान नजर आ रहे हैं।

हापुड़ में बहुजन समाज पार्टी को बुधवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब हापुड़ से बसपा सभासद पोहित सिंह ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के पन्ना प्रमुख रवि लोधी ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। दोनों नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम हुआ। प्रदेश प्रभारी ने सभासद पोहित सिंह को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। इसी दौरान भाजपा के पन्ना प्रमुख रवि लोधी ने भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और कांग्रेस की विचारधारा पर भरोसा जताया।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद सभासद पोहित सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की नीतियों और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर दावा किया कि 2027 में सत्ता परिवर्तन तय है और उत्तर प्रदेश की जनता ने 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकल्प सिर्फ कांग्रेस है और उत्तर प्रदेश में अगर कोई पार्टी भाजपा को शिकस्त दे सकती है, तो वह केवल कांग्रेस पार्टी है।

पोहित सिंह ने 2023 के स्थानीय निकाय चुनाव में बसपा के सिंबल पर सभासद का चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 650 वोटों के अंतर से हराया था। उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद हापुड़ और आसपास के इलाके में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कई स्थानीय और वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी, शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, लाल बहादुर, नरेश भाटी, गौरव गर्ग, एडवोकेट शहजादा चौधरी, कामरान खान, मोहम्मद नफीस, दानिश चौधरी, अफजाल आढ़ती, खुशनूद अली और अनस सहित अन्य लोग शामिल रहे।

पोहित सिंह के साथ सैकड़ों समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होना और भाजपा के पन्ना प्रमुख रवि लोधी का पार्टी में आना हापुड़ की स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।