चंदौली में मिट्टी खोदते समय ढहा टीला, 54 वर्षीय महिला की मौत, दूसरी गंभीर घायल
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र की निषाद बस्ती में घर की साफ-सफाई के लिए मिट्टी खोदते समय अचानक टीला ढह गया। हादसे में 54 वर्षीय तेतरा देवी की मौत हो गई, जबकि 36 वर्षीय लक्ष्मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तस्वीर में दिख रही महिला तेतरा देवी हैं, जिनकी चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में मिट्टी का टीला ढहने से मौत हो गई थी।
चंदौली में गंगा किनारे घर की साफ-सफाई के लिए मिट्टी खोद रही दो महिलाएं अचानक मिट्टी का टीला ढहने से उसकी चपेट में आ गईं। बलुआ थाना क्षेत्र की निषाद बस्ती में हुए इस हादसे में 54 वर्षीय तेतरा देवी की मौत हो गई, जबकि 36 वर्षीय लक्ष्मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, निषाद बस्ती में तेतरा देवी और लक्ष्मीना देवी घर की साफ-सफाई के लिए मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर दोनों महिलाओं के ऊपर गिर पड़ा। मलबे में दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद दोनों महिलाओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तेतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लक्ष्मीना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। अचानक हुए इस हादसे में तेतरा देवी की मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद निषाद बस्ती में शोक का माहौल है, जबकि गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीना देवी का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार कराया जा रहा है।