एटा न्यूज: भैंसों की भिड़ंत पर खूनी संघर्ष, चार पर FIR
नयागांव थाना क्षेत्र के नगला हरजू गांव में भैंसों की टक्कर से शुरू हुए विवाद में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, पुलिस ने केस दर्ज किया है।
नयागांव के नगला हरजू में भैंसों की भिड़ंत पर हुआ विवाद, मारपीट में चार लोग घायल हुए।
एटा के नयागांव थाना क्षेत्र के नगला हरजू गांव में भैंसों के आपस में भिड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई घटना में मां, उनकी बेटी, बेटे और पुत्रवधू के घायल होने का आरोप है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने देर रात उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह समेत चार नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति लाठी से युवक को पीटता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगला हरजू गांव निवासी कुसुमा पुत्री श्यामवीर सिंह रविवार शाम अपनी भैंस खोलकर घर ला रही थीं। इसी दौरान रास्ते में परिवार के ही उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह की भैंस खड़ी थी। आरोप है कि कुसुमा की भैंस ने उमाशंकर की भैंस को सिर मार दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद उमाशंकर, उनकी पत्नी सुनीता, बेटे पवन और बहू पूनम ने लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शकुंतला देवी, उनकी बेटी कुसुमा, बेटे राधाकृष्ण और पुत्रवधू रूबी देवी घायल हो गईं। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से चले गए।
घायल राधाकृष्ण ने बताया कि उसकी बहन कुसुमा भैंस खोलकर घर ला रही थी। इसी दौरान उसकी भैंस ने चाची की भैंस को सिर मार दिया। इस बात से नाराज होकर चाचा और उनके परिवार के लोगों ने उसकी मां, बहन, पत्नी और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति लाठी से युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने नयागांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने चारों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद देर रात पीड़ित शकुंतला पत्नी श्यामवीर सिंह, निवासी नगला हरजू की तहरीर पर उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मारपीट के वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।