चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से 34 वर्षीय ऑटो चालक रविशंकर गिरी की मौत हो गई। बुधवार देर शाम घर से शौच के लिए निकले रविशंकर का शव गुरुवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, लाखापुर गांव निवासी रविशंकर गिरी पुत्र फौजदार गिरी बुधवार देर शाम शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव उतराता देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रविशंकर गिरी के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रविशंकर गिरी ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Tags: