हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में युवक से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने मेरठ के आरोपी को दबोचा
| वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मेरठ निवासी अनुज को गढ़ मेला क्षेत्र से पकड़ा और विधिक कार्रवाई शुरू की।
गढ़मुक्तेश्वर थाने के बाहर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट मामले में गिरफ्तार मास्क पहना आरोपी अनुज खड़ा है।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया और जांच के बाद आरोपी को गढ़ मेला क्षेत्र से पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में अम्बेडकर गेट के पास एक युवक के साथ मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मु0अ0सं0 608/26 में धारा 110, 191(2) और 191(3) बीएनएस (BNS) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गढ़ मेला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुज पुत्र भागवीर के रूप में हुई है। वह ग्राम रोहटा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ का निवासी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को थाना गढ़मुक्तेश्वर की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उप-निरीक्षक द्विजेन्द्र सिंह, उप-निरीक्षक प्रियांशु कुमार और हेड कांस्टेबल उमंग त्यागी शामिल रहे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर शुरू हुई पुलिस कार्रवाई के बाद इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।