जिला अस्पताल के बेड पर लेटे घायल दुकानदार अंकित के पास एक पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं।

हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र में बर्गर का ऑर्डर देने में हुई देरी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। अतरपुरा पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित 'Burger Hut' दुकान पर हुई इस घटना में आरोपियों ने दुकानदार अंकित को बाहर खींचकर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल दुकानदार ने किसी तरह सामने स्थित पुलिस चौकी में घुसकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, दुकानदार अंकित अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान तीन युवक बर्गर लेने पहुंचे। अंकित ने उन्हें ऑर्डर तैयार होने में कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर तीनों युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे।

अंकित ने जब युवकों की अभद्रता का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया और पास में पड़ी ईंट से हमला कर दिया। हमले में अंकित के सिर, चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर पर ईंट से पांच वार किए। इसी दौरान एक युवक ने दुकान से चाकू उठाकर भी हमला करने का प्रयास किया।

हमलावरों से घिरने के बाद अंकित किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर सामने स्थित अतरपुरा पुलिस चौकी की ओर दौड़ा और चौकी के अंदर पहुंच गया। खून से लथपथ दुकानदार को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि उनका तीसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल अंकित को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मामले में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि बर्गर देने में देरी को लेकर हुए विवाद में दुकानदार के साथ मारपीट की गई। उस पर ईंट से हमला किया गया है, हालांकि जांच में चाकू से चोट लगने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अतरपुरा पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई इस घटना में दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Tags: