हापुड़ कार्तिक मेले में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 3 गिरफ्तार
| कार्तिक पूर्णिमा मेले में शराब पीकर बाइक और ट्रैक्टर से यातायात बाधित करने और तेज आवाज में गाने बजाने पर पुलिस ने चार बाइक और दो ट्रैक्टर जब्त किए।
हापुड़ पुलिस की गिरफ्त में चार युवक सफेद दीवार के सामने एक कमरे में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान शराब पीकर बाइक और ट्रैक्टर से हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर चार बाइक और दो ट्रैक्टर सीज कर दिए। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।
लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीआईजी मेरठ ने पुलिस को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुपालन में हापुड़ पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। मेले के रास्तों पर यातायात बाधित करने, स्टंटबाजी करने और हुड़दंग मचाने वाले लोगों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी दौरान कुछ युवक शराब के नशे में बाइक और ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर हुड़दंग कर रहे थे। वे तेज आवाज में गाने बजा रहे थे, जिससे मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर गढ़ चौपला पर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीन युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हुड़दंग में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को जब्त कर थाने भिजवा दिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल चार बाइक और दो ट्रैक्टर सीज किए हैं। वहीं, गिरफ्तार किए गए तीन युवकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हापुड़ पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्तिक पूर्णिमा मेले की शांति व्यवस्था भंग करने और श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मेले के समापन तक चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।