लकड़ी की बुग्गियां उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा हापुड़ थाने में अवैध भैंसा-दौड़ रोकने के तहत जब्त की गई हैं।

गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हापुड़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मेला क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर अवैध रूप से भैंसा-दौड़ कराने और हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बुधवार को 20 बुग्गियां जब्त कर सीज कर दीं।

विश्व प्रसिद्ध गढ़ गंगा कार्तिक मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशन में मेला क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर अवैध भैंसा-दौड़ तथा अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने भैंसा-दौड़ में शामिल 19 बुग्गियों को पकड़कर सीज किया, जबकि थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने एक अन्य बुग्गी को पुलिस हिरासत में लेकर सीज करने की कार्रवाई की। इस तरह बुधवार को कुल 20 बुग्गियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भैंसा-दौड़ के कारण मेला मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और अराजक गतिविधियों पर नजर रख रही है।

हापुड़ पुलिस ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से मेले की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि कोई भी व्यक्ति भैंसा-दौड़ या इस तरह की अन्य अराजक गतिविधियों में शामिल न हो, जिससे दूसरे श्रद्धालुओं के आवागमन में असुविधा या बाधा उत्पन्न हो।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।

Tags: