जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास चौधरी बुलंदशहर कार्यालय में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।   

बुलंदशहर में आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण और एनपीए (गैर निष्पादित परिसंपत्ति) खातों से जुड़े मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा। लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के निस्तारण की रणनीति पर चर्चा की।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास चौधरी ने की। उन्होंने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण योग्य मामलों को चिह्नित कर अधिक से अधिक संख्या में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विकास चौधरी ने कहा कि बैंक ऋण और एनपीए खातों से संबंधित विवादों का निस्तारण संबंधित पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराने का प्रयास किया जाए, ताकि लंबित मामलों का प्रभावी ढंग से समाधान हो सके। उन्होंने बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और बकायेदारों को इसके लाभों की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक में सचिव ने जनपदवासियों से भी अपने लंबित मामलों का निस्तारण 12 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, विद्युत एवं जलकर, दीवानी, राजस्व और यातायात चालान सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के त्वरित और सरल समाधान का प्रभावी माध्यम है। ऐसे में बैंक ऋण, एनपीए खातों और अन्य लंबित मामलों से जुड़े पक्षकार आपसी सहमति के आधार पर विवादों का निस्तारण कराने के लिए इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

Tags: