एटा के कोतवाली नगर में देर रात पेड़ में आग लगने पर दमकल पहुंची, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई। 

एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक विशाल पेड़ अचानक आग की चपेट में आ गया। ठंडी सड़क मोड़ के पास रात करीब दो बजे पेड़ में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा पेड़ आग के गोले में तब्दील हो गया। पेड़ से आसमान की ओर उठती ऊंची लपटों को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ में आग लगने के बाद लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगी थीं। आग की भयावहता देखकर आसपास से गुजर रहे राहगीर भी रुक गए। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते दमकल टीम की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि आग के कारण विशाल पेड़ को काफी नुकसान पहुंचा।

सीएफओ प्रशांत राणा ने बताया कि ठंडी सड़क के पास स्थित एक विशाल पेड़ में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण पेड़ में आग लगी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आग देखकर दमकल विभाग को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे तक प्रयास कर आग बुझाई।

सीएफओ के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई है। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Tags: