पुलिसकर्मी एक महिला को उपहार सौंपते हुए दिख रहे हैं, अगौता में विवाह सहायता के दौरान।

अगौता। थाना अगौता पुलिस ने एक सफाईकर्मी की बेटी के विवाह में आर्थिक सहयोग देकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। थाना परिसर में सफाई का कार्य करने वाले कर्मचारी देवेंद्र पुत्र सगरून निवासी ग्राम अगौता की बेटी काजल की शादी के अवसर पर पुलिसकर्मियों ने आपसी सहयोग से कन्यादान की राशि जुटाकर परिवार को भेंट की।

प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार की पहल पर थाना अगौता के पुलिसकर्मियों ने 32,551 रुपये एकत्रित किए और विवाह के अवसर पर बेटी काजल को कन्यादान के रूप में दिए। इसके साथ ही पुलिस टीम की ओर से साड़ी, सफारी सूट सहित पांच जोड़ी कपड़े और एक गिफ्ट पैक भी भेंट किया गया। पुलिसकर्मियों के इस सहयोग से विवाह की खुशियों में शामिल परिवार को आर्थिक सहायता के साथ आत्मीयता का भी एहसास हुआ।

इस पहल में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, शरणवीर और चालक जोगिंदर सहित थाना अगौता के अन्य पुलिसकर्मियों ने भी योगदान दिया। सभी पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर बेटी के विवाह में अपनी सहभागिता निभाई और जरूरतमंद परिवार की खुशियों में शामिल हुए।

प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार ने कहा कि बड़े और संपन्न लोगों के आयोजनों में अक्सर लोग शामिल होते हैं, लेकिन जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का आनंद अलग होता है। किसी गरीब परिवार की बेटी की शादी में सहयोग करना और उसके चेहरे पर मुस्कान लाना उनके लिए सबसे बड़ा संतोष है।

अगौता पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिसकर्मियों ने आर्थिक सहायता और उपहार देकर यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जरूरतमंदों के सुख-दुख में सहभागी बनने की भी है।

Tags: