यूजीसी कानून के विरोध में खुर्जा में सवर्ण समाज की महापंचायत, पांच मांगों पर सौंपा ज्ञापन
| खुर्जा तहसील के बाहर यूजीसी कानून के विरोध में भारतीय सवर्ण एकता मंच की महापंचायत हुई। पांच सूत्रीय मांगों में यूजीसी कानून वापसी, स्वर्ण आयोग का गठन और आरक्षण व्यवस्था में सुधार सहित अन्य मुद्दे उठाए गए।
खुर्जा तहसील के बाहर आयोजित महापंचायत के मंच पर संबोधित करते वक्ता और मौजूद लोग।
खुर्जा में मंगलवार को यूजीसी कानून के विरोध और सवर्ण समाज की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय सवर्ण एकता मंच के तत्वावधान में महापंचायत आयोजित की गई। खुर्जा तहसील के बाहर हुई इस महापंचायत में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने सरकार से समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
महापंचायत को राष्ट्रवादी प्रताप सेना के संयोजक ललित राणा और सीएपीएफ संगठन के अध्यक्ष मधु कुमार सिंह राणा ने संबोधित किया। दोनों वक्ताओं ने कहा कि सरकार को समाज की भावनाओं और मांगों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सवर्ण समाज के नेताओं ने भी अपने विचार रखे। लोक गायक डीके ठाकुर की मौजूदगी भी कार्यक्रम का आकर्षण रही।
महापंचायत में पांच सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें यूजीसी कानून वापस लेने, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन करने, स्वर्ण आयोग का गठन करने, आरक्षण व्यवस्था में सुधार करने और कानून में समानता स्थापित करने की मांग शामिल रही। वक्ताओं ने मंच से इन मांगों के समर्थन में अपने विचार रखे। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रिंकू शर्मा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान और नारेबाजी का मुद्दा भी चर्चा में रहा।
महापंचायत के समापन के बाद करणी सेना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मुलाकात कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पांचों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में सचिन राणा, गौरव ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, अशोक चौहान और दीपक गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। महापंचायत के जरिए सवर्ण समाज के संगठनों ने अपनी मांगों को प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाया।