तस्वीर में अलीगंज विकासखंड के बैठक सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर आयोजित बैठक के दौरान अधिकारी और महिलाएं नजर आ रही हैं।   

सोमवार को अलीगंज विकासखंड के बैठक सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आशा वर्करों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. अखलाक खान ने कहा कि अभियान में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लाभार्थियों के घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों को साफ-सफाई रखने और खानपान का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। घर के आसपास गंदगी और जलभराव न होने देने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी देने को भी कहा गया।

डॉ. अखलाक खान ने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खासकर सैम-मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित निगरानी करते हुए समय-समय पर उनका वजन और लंबाई मापने को कहा गया। बच्चों के पोषण स्तर में कमी पाए जाने पर परिजनों को आवश्यक सलाह देने तथा जरूरत पड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कार्यकत्रियों से कहा गया कि घर-घर भ्रमण के दौरान परिवारों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दें। व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। अभियान के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान सीडीपीओ कुशमा देवी, राघवेंद्र सिंह सहित आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags: