छह सूत्रीय मांगों पर एनएचएम संविदा कर्मियों का विरोध, काली पट्टी बांधकर किया काम
अलीगंज सीएचसी पर एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध किया। कर्मचारियों ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता और समान कार्य-समान वेतन समेत मांगें उठाईं।
तस्वीर में अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी नजर आ रहे हैं।
अलीगंज। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के आह्वान पर कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने नियमित कार्य किए और लंबित मांगों को लेकर शासन के प्रति विरोध दर्ज कराया।
सीएचसी अलीगंज पर कर्मचारियों ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, समान कार्य-समान वेतन, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण तथा नियुक्त पदों की भर्तियों में संविदा कर्मचारियों के लिए कोटा निर्धारित करने की मांग उठाई।
एनएचएम कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद संविदा कर्मचारियों को कई ऐसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिनकी वे लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार से छह सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की।
अलीगंज ब्लॉक में आयोजित सांकेतिक विरोध के दौरान डॉ. रूबी यादव, डॉ. नीतू शाक्य, डॉ. रुचि रानी, विमल कुमार मिश्रा, डॉ. अखलाक खान, डॉ. हर्षवर्धन भारद्वाज, अजय प्रताप सिंह, ममता चौहान सहित समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई और शासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।