तस्वीर में कासगंज के सिंगपुर स्थित पंडित धरमजीत मिश्रा इंटर कॉलेज में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राएं अपनी बनाई हुई पेंटिंग दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।

कासगंज में वन्य जीव सप्ताह के तहत डॉल्फिन दिवस पर छात्र-छात्राओं को वन्य जीव, जैव विविधता और नदी संरक्षण का संदेश दिया गया। पंडित धरमजीत मिश्रा इंटर कॉलेज, सिंगपुर में आयोजित कार्यक्रम में 250 छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली, जबकि 50 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

कासगंज, 05 अक्टूबर 2026। विश्व प्रकृति निधि भारत (WWF-India) एवं जिला गंगा समिति, कासगंज के संयुक्त तत्वावधान में वन्य जीव सप्ताह (02 से 08 अक्टूबर) के अंतर्गत सोमवार को पंडित धरमजीत मिश्रा इंटर कॉलेज, सिंगपुर, कासगंज में डॉल्फिन दिवस के अवसर पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को वन्य जीवों के संरक्षण, जैव विविधता, डॉल्फिन संरक्षण तथा नदी एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यालय के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली में प्रतिभाग किया। वहीं 50 विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर डॉल्फिन एवं वन्य जीव संरक्षण से जुड़े संदेशों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

WWF-India के सीनियर परियोजना अधिकारी श्री हिमांशु शर्मा ने विद्यार्थियों को डॉल्फिन के पारिस्थितिक महत्व, नदी पारिस्थितिकी तंत्र में उसकी भूमिका और उसके संरक्षण की आवश्यकता की जानकारी दी। जिला गंगा समिति, कासगंज की ओर से विद्यार्थियों को नदियों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राहुल शर्मा, समस्त शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने वन्य जीवों एवं पर्यावरण की रक्षा तथा संरक्षण की शपथ ली।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को वन्य जीवों और नदियों को प्राकृतिक विरासत बताते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने विद्यार्थियों से वन्य जीव संरक्षण एवं जल संरक्षण के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Tags: