तस्वीर में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव श्री सुरेश चन्द्र उपाध्याय और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले कासगंज के पहलवान।   

जनपद कासगंज के चार पहलवानों ने प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता 03 से 05 अक्टूबर, 2026 तक जनपद सैफई, इटावा में आयोजित हुई। इसमें कासगंज के खिलाड़ियों ने ग्रीको रोमन और फ्री-स्टाइल में पदक हासिल किए।

खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार 23 सितंबर, 2026 को महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोटर्स स्टेडियम, अलीगढ़ में मण्डल स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती चयन/ट्रायल कराया गया था। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों ने सैफई, इटावा में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

ग्रीको रोमन स्टाईल में सचिन ने 67 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर पदक और सनी यादव ने 87 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर पदक जीता। हतेन्द्र ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं फ्री-स्टाईल में पंकज यादव ने 92 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जनपद कासगंज का गौरव बढ़ाया।

पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव श्री सुरेश चन्द्र उपाध्याय ने पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

श्री हरफूल सिंह, उपक्रीड़ाधिकारी कासगंज ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों और श्री ब्रजेश कुमार यादव, अंशकालिक कुश्ती प्रशिक्षक को जनपद का नाम रोशन करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे निरन्तर अभ्यास करने और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश स्तर पर चार पदक जीतने के साथ कासगंज के इन खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि दर्ज कराई।

Tags: