उदयपुर में एसपी डॉ. अमृता दुहन ने दीपावली मेलों को लेकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।   

उदयपुर में दीपावली मेले, स्थानीय आयोजनों और पर्यटन सीजन के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने 02 नवंबर 2026 को शहर के विभिन्न मार्गों का सघन भ्रमण किया और जमीनी स्तर पर यातायात एवं रूट डायवर्जन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं यातायात प्रभारी श्री उमेश ओझा तथा पुलिस उप अधीक्षक श्री भंवर लाल चौधरी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

वर्तमान में चल रहे दीपावली मेलों और त्योहारों के दौरान स्थानीय नागरिकों तथा बाहर से आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी असुविधा नहीं हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही पूर्व में नगर निगम की टीम के साथ मिलकर हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर यदि लोगों द्वारा दोबारा अस्थायी अतिक्रमण किया गया है, तो उसे फिर से पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए गए।

ड्यूटी पर तैनात जवानों को मुस्तैदी से खड़े रहकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखने और नियमों का पालन करवाने के निर्देश भी दिए गए।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा कि झीलों की नगरी उदयपुर एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन स्थल है, जहां आगामी दिनों में बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटकों का आगमन होगा।

ऐसे में शहर की छवि को उत्कृष्ट बनाए रखने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए सभी आमजन एवं वाहन चालक यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।

Tags: