तस्वीर में पुलिस हिरासत में खड़ा गवरी माता अपमान मामले का आरोपी पिंकू दिख रहा है।

उदयपुर। मेवाड़ की प्रसिद्ध ‘गवरी माता’ का अपमान करने और आदिवासी समाज के खिलाफ जातिसूचक शब्द बोलने वाले आरोपी को गोगुंदा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल किया था, जिसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को दबोच लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा श्री छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी गोगुंदा श्री प्रवीण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेवाड़ क्षेत्र की प्रसिद्ध पारंपरिक गवरी माता का अपमान करने, धार्मिक भावनाओं को भड़काने और आदिवासी समाज के खिलाफ अभद्र व जातिसूचक टिप्पणी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

घटना के संबंध में 28-09-2026 को प्रार्थी श्री चैनाराम गमेती, उम्र 23 वर्ष, निवासी भाट, गोगुंदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वे पारंपरिक गवरी खेल, जो मेवाड़ की ऐतिहासिक लोकनाट्य परंपरा का हिस्सा है, से जुड़े हैं। दिनांक 23-09-2026 को जब वे चाटियाखेड़ी से गवरी खेलकर गोगुंदा बाईपास लौट रहे थे, तब काले रंग की थार गाड़ी में सवार व्यक्ति ने उन्हें रोका।

आरोपी ने गवरी के पारंपरिक महिला श्रृंगार और रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाया। जब पीड़ित ने बताया कि वह आदिवासी समाज से है और यह उनकी आस्था एवं परंपरा है, तो आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गवरी माता और पूरे समाज का घोर अपमान किया।

इसके बाद आरोपी ने इस विवाद का वीडियो बनाया और अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।

पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी और मुखबिर तंत्र का सहारा लेकर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। पुलिस ने मुहाना थाना सफीदों, जिला जींद, हरियाणा निवासी पिंकू पिता राजकुमार, उम्र 25 वर्ष को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।

पुलिस कार्रवाई में थानाधिकारी गोगुंदा श्री प्रवीण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्री महेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्री कालूलाल, कांस्टेबल श्री भूपेंद्र सिंह और साइबर सेल के श्री गजराज सिंह शामिल रहे।

Tags: