उदयपुर में लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भगवान श्रीराम की जीवनगाथा मंच पर जीवंत होने जा रही है। श्री रामलीला समिति, उदयपुर के बैनर तले 9 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक दस दिवसीय भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। रामलीला का मंचन सूरजपोल बाहर स्थित निम्बार्क महाविद्यालय के मैदान में प्रतिदिन शाम 7 से 10 बजे तक होगा। इसके बाद दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को सेक्टर 14 स्थित कल्लाजी बावजी चौराहे पर रावण दहन एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

“रामो विग्रहवान् धर्मः साधुः सत्यपराक्रमः।

राजा सर्वस्य लोकस्य देवानामिव वासवः॥”

(श्रीमद् वाल्मीकि रामायण, अरण्यकाण्ड, सर्ग 37, श्लोक 13)

अर्थात श्रीराम स्वयं साकार रूप में धर्म हैं। वे साधु स्वभाव वाले और सत्य के पराक्रमी रक्षक हैं। वे समस्त लोक के राजा हैं, जैसे देवताओं के राजा इंद्र हैं।

सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और लोकमंगल की प्रतिमूर्ति भगवान श्रीराम की यही दिव्य जीवनगाथा सदियों से भारतीय जनमानस को संस्कारित करती आई है। उन्हीं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा को मंच पर जीवंत करने वाली रामलीला लंबे अंतराल के बाद उदयपुर में फिर अपनी भव्य उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है।

इस संबंध में श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि उदयपुर में पहली बार वृहद स्तर पर होने जा रही इस दस दिवसीय भव्य रामलीला में वृंदावन से आने वाले पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान के 40 कुशल कलाकार अपने अभिनय और भावाभिव्यक्ति से भगवान श्रीराम के चरित्र को मंच पर प्रकट करेंगे। रामलीला का पहला चरण 9 अक्टूबर से शुरू होकर 18 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक के प्रसंग के साथ सम्पन्न होगा।

जोशी ने बताया कि यह संयोग ही है कि संस्था के इस पूर्व संकल्प को सार्थक करने के लगातार प्रयासों के बीच इसके साकार होने का समय नवरात्रा में प्राप्त हुआ।

रामलीला का आरंभ 9 अक्टूबर को नारद मोह, अवतार प्रयोजन और पृष्ठभूमि के प्रसंगों से होगा। 10 अक्टूबर को रावण तपस्या, पृथ्वी पुकार और श्रीराम जन्म का मंचन होगा। 11 अक्टूबर को विश्वामित्र आगमन, ताड़का-सुबाहु वध तथा अहिल्या उद्धार के प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को पुष्प वाटिका, धनुष यज्ञ और श्रीराम-जानकी विवाह का मंचन होगा।

इसी क्रम में 13 अक्टूबर को दशरथ प्रतिज्ञा, कैकेयी का वरदान मांगना और श्रीराम वन गमन के प्रसंग होंगे। 14 अक्टूबर को श्रीराम-केवट संवाद, दशरथ मरण और भरत मिलन का मंचन किया जाएगा। 15 अक्टूबर को श्रीरामजी का ऋषियों से मिलन, गिद्धराज जटायु, शूर्पणखा नासिका भंग, खर-दूषण वध तथा सीता हरण के प्रसंग प्रस्तुत होंगे।

16 अक्टूबर को शबरी मिलन, श्रीराम-सुग्रीव मित्रता, सीता अन्वेषण और लंका दहन का मंचन होगा। 17 अक्टूबर को श्रीरामजी की सेना का प्रस्थान, विभीषण शरणागत, सेतु बंध रामेश्वरम् स्थापना, अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति के प्रसंग होंगे। रामलीला के अंतिम दिन 18 अक्टूबर को कुंभकरण वध, मेघनाद वध, रावण वध, श्रीरामजी का अयोध्या आगमन तथा राज्याभिषेक का मंचन किया जाएगा।

दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को रावण दहन एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति के महासचिव भंवरलाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम शाम 6 बजे सेक्टर 14 स्थित कल्लाजी बावजी चौराहे पर होगा। यह आयोजन गत वर्ष भी हुआ था।

शर्मा ने बताया कि समारोह में पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के कलाकारों के साथ क्षेत्र के विद्यालयों के विद्यार्थी भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां जारी हैं और इसके लिए आयोजन व व्यवस्था समितियां गठित की गई हैं।

पत्रकार वार्ता में समिति के महासचिव भंवरलाल शर्मा, संयोजक डॉ. विजय विप्लवी, समन्वयक अशोक बाबेल व प्रवक्ता कौशल मून्दडा भी उपस्थित थे। नवरात्रा के दौरान 9 से 18 अक्टूबर तक होने वाली रामलीला और 20 अक्टूबर को प्रस्तावित रावण दहन के साथ उदयपुर में श्रीराम की कथा के मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी।

Tags: