सम्मेद शिखरजी तेरापंथ कोठी में उपाध्याय श्री बृषभानन्दी जी महाराज का मंगल चातुर्मास प्रारम्भ

सम्मेद शिखरजी तेरापंथ कोठी में उपाध्याय श्री बृषभानन्दी जी महाराज के चातुर्मास 2026 की मंगल कलश स्थापना हुई।

Update: 2026-08-01 14:07 GMT

तस्वीर में मधुबन स्थित तेरापंथ कोठी में आयोजित चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह के दौरान धर्मसभा में बैठे हुए गणमान्य गुरु भक्त और पदाधिकारी दिखाई दे रहे हैं।

शाश्वत तीर्थ सम्मेद शिखरजी स्थित तेरापंथ कोठी में परम पूज्य आचार्य श्री वसुनन्दी जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य उपाध्याय श्री बृषभानन्दी जी महाराज ससंघ का चातुर्मास 2026 का मंगल कलश स्थापना समारोह संपन्न हुआ। 31 जुलाई 2019 को दोपहर 1:00 बजे झंडारोहण के साथ सम्मेद शिखर कलश, पुष्पदन्त कलश, पार्श्वनाथ कलश सहित 11 कलशों की स्थापना कर चातुर्मास 2026 का शुभारंभ किया गया।

अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन जयपुर ने बताया कि धर्म सभा में विभिन्न मंदिरों में विराजमान आचार्य, साधु एवं आर्यिकाएं संघ सहित उपस्थित रहे। सभा में विभिन्न प्रान्तों से आए गुरु भक्त, मंदिर प्रबन्ध समिति के पदाधिकारी, धर्म जाग्रति संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य भी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रीति दीदी के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया। परम्पराओं के प्रथमाचार्य चारित्र चक्रवर्ती शान्तिसागर जी महाराज एवं अंकलीकर आदि सागर जी महाराज के चित्रों का अनावरण किया गया। तत्पश्चात उपस्थित सभी श्रेष्ठियों एवं पदाधिकारियों का मंदिर प्रबन्ध समिति की ओर से तिलक, माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूज्य आचार्य, उपाध्याय एवं साधुओं का पाद प्रक्षालन दिल्ली ग्रीन पार्क, मधुबन के श्रेष्ठी भूपेन्द्र जैन, सुरेश जैन, सुकेश जैन, द्वारका जैन, रानू जैन आदि परिवारों द्वारा किया गया। इसके बाद शास्त्र भेंट किए गए।

धर्म सभा में उपस्थित सैकड़ों श्रावक एवं श्राविकाओं ने खड़े होकर हाथ जोड़कर उपाध्याय श्री से नमोस्तु करते हुए चातुर्मास 13 पंथी कोठी मधुबन में करने का निवेदन किया। इस पर उपाध्याय श्री ने कहा कि जब परम पूज्य आचार्य श्री ने सहमति दे दी है तो चातुर्मास करने की हमारी भी सहमति है। इसके बाद पूरी सभा गुरुदेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठी।

मंगल कलश स्थापना में प्रथम कलश सम्मेद शिखर जी के नाम से स्थापित करने का सौभाग्य मुरैना जैन परिवार को मिला। द्वितीय पुष्पदन्त मंगल कलश मुरैना के विनोद जैन तार वाले परिवार को तथा तृतीय पार्श्वनाथ मंगल कलश सपना जैन प्रीति विहार दिल्ली परिवार को प्राप्त हुआ।

ग्यारह रजत कलश कमलकुमार भूपेश जैन, हिमांशु जैन कामां, फरीदाबाद परिवार, अनजू जैन, नारद जी जैन नोएडा सहित विभिन्न स्थानों के श्रेष्ठियों द्वारा स्थापित किए गए।

सभा में परम पूज्य युगल मुनि श्री शिवानन्दजी एवं प्रशमानन्द जी ने चातुर्मास के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रतिष्ठाचार्य मनोज जैन दिल्ली ने किया।

इस अवसर पर पूर्व पुलिस कमिश्नर दिल्ली रमेश जैन गर्ग बोलखेडा, उदयभान जैन कामां/जयपुर, भूपेश जैन, हिमांशु जैन कामां/फरीदाबाद, संजय ठोलिया जयपुर, बसन्त बाकलीवाल जयपुर, अनिल जैन गदिया गायत्रीनगर/सम्मेद शिखर जी, पंकज लुहाडिया एवं सेठी थडी मार्किट, जयपुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में पूज्य उपाध्याय श्री ने विभिन्न मंदिरों से आए सभी साधुओं के वात्सल्य की कोटि-कोटि अनुमोदना की। साथ ही विभिन्न प्रान्तों से पहुंचे भक्तगणों, पदाधिकारियों एवं प्रबन्धकों को मंगल आशीर्वचन प्रदान किया। सम्मेद शिखरजी तेरापंथ कोठी में आयोजित यह चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह धार्मिक आस्था और परम्पराओं के साथ संपन्न हुआ।

Tags:    

Similar News