नेशनल हाईवे-48 पर क्रेटा से 41 कार्टन अवैध शराब जब्त, 14 फर्जी नंबर प्लेट बरामद
नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी तोड़कर भागी क्रेटा कार से 41 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर समेत 14 फर्जी नंबर प्लेट बरामद
ऋषभदेव थाना पुलिस ने एनएच-48 पर जब्द की गई अवैध अंग्रेजी शराब, बीयर के कार्टन और क्रेटा कार
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऋषभदेव थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 41 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर जब्त की। पुलिस ने कार से अलग-अलग नंबरों की 14 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान कार चालक नाकाबंदी तोड़कर भाग निकला और कनुवाड़ा पुल के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव अर्जुन सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी हेमंत अहारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर की रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। उदयपुर से गुजरात की ओर जा रही सफेद क्रेटा कार नंबर GJ 38 BA 100 की तलाश में मेन हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार तेज गति से आ रही कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार के आगे स्टॉप स्टिक लगाई, जिससे कार का बायां टायर फट गया। इसके बावजूद चालक कार को भगाता रहा। बाद में कनुवाड़ा पुल के पास हाईवे किनारे वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 15 कार्टन किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, 4 कार्टन गॉडफादर बीयर, 11 कार्टन कार्ल्सबर्ग बीयर, 3 कार्टन रॉयल स्टैग (पक्के) तथा 8 कार्टन रॉयल स्टैग (अधूरे) बरामद हुए। इस तरह कार से कुल 41 कार्टन अवैध शराब व बीयर जब्त की गई।
तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग नंबरों की 14 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुईं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर फरार अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमंत अहारी, एसआई मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल शंकरलाल, कांस्टेबल दिगपाल सिंह, अशोक, दिनेश तथा चालक कांस्टेबल सौरभ पाटीदार शामिल रहे। नाकाबंदी के दौरान तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब, बीयर और फर्जी नंबर प्लेटों की बरामदगी के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।