तस्वीर में खरताणा के मंदिर परिसर में जमीन पर बैठकर चर्चा करते भाजपा कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं।   

फतहनगर। आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को गति देते हुए महादेव जी मंदिर, खरताणा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती, रणनीति और आवेदन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मंडल के सभी बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला परिषद प्रभारी गणपत लाल स्वर्णकार एवं पंचायत समिति प्रभारी मुकेश कुमार खटीक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ अपने-अपने बूथों को मजबूत करने तथा भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

प्रभारियों ने कहा कि चुनाव में संगठन की जमीनी मजबूती ही जीत का आधार बनेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ क्षेत्र में सक्रिय रहकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की रीति-नीति को आमजन तक पहुंचाए और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करे।

बैठक के दौरान आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन भी लिए गए। कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए आगामी चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में सहप्रभारी रोशनलाल खटीक, संयोजक सोहनलाल बंजारा, सहसंयोजक महेंद्र सिंह झाला, पूर्व सरपंच दुदाराम जाट, सरपंच प्रतिनिधि गोपाल सिंह झाला, निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि बादल देव सिंह राणावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: