खेरवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण हटाने के बाद खाली नजर आता हुआ प्रांगण, जहां पुलिस ने अवैध पार्किंग और वेंडरों को हटाकर यातायात सुचारू किया।

खेरवाड़ा में लंबे समय से बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग के बाद बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्थित तरीके से खड़े दोपहिया और चौपहिया वाहनों को हटवाया गया। सड़क किनारे खड़े वेंडरों को भी हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक ऋषभदेव अर्जुन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने कार्रवाई की। पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में खड़े वाहनों को हटवाकर यात्रियों और अन्य वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता सुचारू कराया।

बस स्टैंड पर लंबे समय से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कस्बेवासियों की ओर से बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद कस्बेवासियों ने राहत जताई और उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे खड़े वेंडरों को हटाकर आवागमन का रास्ता सुचारू किया गया, जिससे लंबे समय से बनी यातायात संबंधी परेशानी पर कार्रवाई हुई।

Tags: