तस्वीर में सरेरा के स्कूल में छात्रा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते अतिथि।

खेरवाड़ा। बालिकाओं के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों के संरक्षण और बाल विवाह की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को राउमावि सरेरा में नयागांव ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संदर्भ व्यक्ति बलदेव दरंगा ने की, जबकि मुख्य अतिथि नयागांव एसीबीईओ कल्पेश मीणा रहे। मेले में दो वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। प्रारंभिक शिक्षा वर्ग में कक्षा 1 से 8वीं तक तथा माध्यमिक शिक्षा वर्ग में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने हिस्सा लिया।

राउप्रावि खराड़ीवाड़ा की छात्रा दीया पछोला ने चार्ट एवं मॉड्यूल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुंतल गरासिया ने कविता वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। महात्मा गांधी स्कूल आड़ीवली की जीनल लबाना ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता में राबाउमावि थाणा की प्राची पटेल ने प्रथम स्थान और राउमावि जायारा की लक्षिता कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कविता सीनियर वर्ग में राउमावि पाटिया की रविना कुमारी पांडोर प्रथम स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने प्रतीक चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व किशोरियों ने स्कूल से सरेरा मुख्य बस स्टैंड तक बैंडबाजे के साथ रैली निकाली।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि आरपी मनीष गरासिया, अति विशिष्ट डेरी प्रिंसिपल मोनिका डामोर, प्रेम नारायण गामोठ, दिनेश कुमार शर्मा सहित ब्लॉक के स्कूलों के प्रभारी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संचालन शांतिलाल मीणा ने किया। मेले में बालिकाओं की सहभागिता ने सशक्तिकरण, अधिकार संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम के संदेश को केंद्र में रखा।

Tags: