छात्रा खेरवाड़ा कन्या महाविद्यालय परिसर में बिजली बोर्ड के पास ऊर्जा संरक्षण का पोस्टर लगाती हुई।

राजकीय कन्या महाविद्यालय खेरवाड़ा में छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और बिजली बचत के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार मिशन लाइफ के तहत 1 से 7 नवंबर तक आयोजित पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत यह कार्यक्रम हुआ। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रवीण पंड्या ने की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रोफेसर सुमन राठौड़ ने छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और बिजली बचत का महत्व समझाया। उन्होंने अनावश्यक रूप से जलने वाली लाइट, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों को उपयोग के बाद बंद रखने तथा प्राकृतिक रोशनी का अधिकाधिक उपयोग करने की जानकारी दी।

इस दौरान व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से छात्राओं को बिजली बचाने के विभिन्न उपाय बताए गए। कार्यक्रम में छात्राओं ने ऊर्जा संरक्षण विषय पर जागरूकता पोस्टर भी तैयार किए, जिन्हें महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शित किया गया। इन पोस्टरों के माध्यम से बिजली के अनावश्यक उपयोग को रोकने और ऊर्जा की बचत करने का संदेश दिया गया।

मिशन लाइफ के तहत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाने और बिजली के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

Tags: