इन्फ्लुएंजा-ए को लेकर खेरवाड़ा चिकित्सा विभाग सतर्क, लक्षण दिखें तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
खेरवाड़ा में इन्फ्लुएंजा-ए को लेकर चिकित्सा विभाग सतर्क है। लक्षणों की पहचान, बचाव और समय पर चिकित्सकीय सलाह की अपील की गई है।
इन्फ्लुएंजा-ए को लेकर चिकित्सा विभाग ने आमजन को सतर्क रहने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। चिकित्सा विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी खेरवाड़ा डॉ. अरुण मीणा एवं बीसीएमओ नयागांव डॉ. निकुंज कलासुआ ने आमजन से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आग्रह किया है।
चिकित्सा विभाग के अनुसार इन्फ्लुएंजा-ए के सामान्य लक्षणों में बहुत थकान एवं भूख न लगना, खांसी एवं गले में खराश, मतली एवं उल्टी, जोड़ों एवं मांसपेशियों में दर्द, नाक बहना, बुखार, सिरदर्द तथा दस्त शामिल हो सकते हैं।
बीसीएमओ ने बताया कि इन्फ्लुएंजा आमतौर पर अपने आप ठीक होने वाली बीमारी है। स्वस्थ वयस्कों में आराम, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं संतुलित आहार से लक्षणों में राहत मिल सकती है। हालांकि, यदि लक्षण 5-6 दिनों से अधिक समय तक बने रहें अथवा बहुत गंभीर हों, तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
चिकित्सा विभाग ने बचाव के लिए लोगों से बार-बार हाथ धोने, खांसी अथवा छींक के समय मुंह-नाक ढकने, बीमार होने पर घर पर आराम करने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है। साथ ही स्वयं एवं परिवार के सदस्यों में इन्फ्लुएंजा के लक्षण दिखाई देने पर सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही गई है।
डॉ. अरुण मीणा एवं डॉ. निकुंज कलासुआ ने कहा कि समय पर लक्षणों की पहचान, सावधानी और उचित चिकित्सकीय परामर्श से बीमारी से बचाव एवं नियंत्रण में मदद मिल सकती है।