सड़क सुरक्षा से नशा मुक्ति तक, मावली महाविद्यालय में विद्यार्थियों को मतदान और महिला सशक्तीकरण की दी जानकारी
| राजकीय महाविद्यालय मावली में एनएसएस शिविर के दौरान सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और मतदाता जागरूकता पर व्याख्यान हुए। महिला नीति के तहत आत्मनिर्भरता और छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
राजकीय महाविद्यालय मावली में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना जागरूकता शिविर के दौरान मंच से संबोधित करते वक्ता और बैठे अतिथि।
फतहनगर। राजकीय महाविद्यालय मावली में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तृतीय एक दिवसीय शिविर के तहत सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, मतदाता जागरूकता और महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान दिवस भी मनाया गया। विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना, नशे के दुष्प्रभाव, मतदान के अधिकार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के विषय में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने की। मुख्य वक्ता डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना और नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। वहीं, ‘नई किरण’ नशा मुक्ति केंद्र के तत्वावधान में नशा मुक्ति विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
चुनावी साक्षरता अभियान के तहत विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। डॉ. पिनल जैन ने मतदान के अधिकार के ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी के बारे में विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नरपत राम परमार ने अतिथियों का स्वागत किया और शिविर के तहत आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विषयों पर जागरूकता व्याख्यान के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान किया। इसके माध्यम से स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
महिला प्रकोष्ठ के अंतर्गत राजस्थान राज्य महिला नीति के अनुपालन में नवंबर माह की गतिविधि के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसके साथ ही रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के अंतर्गत आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तीसरे सप्ताह में छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में मानसिक रूप से मजबूत रहते हुए त्वरित और उचित निर्णय लेने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक जगदीश तेली ने किया, जबकि धन्यवाद स्वयंसेविका भूमिका यादव ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की संकाय सदस्य भारती चौहान, नीलम चौधरी, डॉ. राखी धारवार, जगदीश चंद्र पुरोहित सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।