सिरोही जिले में बच्चों को विटामिन-ए की कमी से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाने के लिए 30 नवंबर से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विटामिन-ए कार्यक्रम का 51वां चरण 30 नवंबर से 30 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा। इसके तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी पात्र बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से पात्र बच्चों तक विटामिन-ए की खुराक पहुंचाई जाएगी, ताकि उन्हें इसकी कमी से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाया जा सके और उनके स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल हो सके।

अभियान के दौरान स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। दवा पिलाने से पहले और बाद में हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने के साथ ही उपयोग में लिए जाने वाले चम्मच एवं कटोरी की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सभी संबंधित केंद्रों पर साबुन और पानी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विटामिन-ए की खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग देने का भी आग्रह किया। जिले में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत पात्र बच्चों को निर्धारित केंद्रों पर विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी।

Tags: