कनबई चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास ग्रामीण और प्रतिनिधि खड़े हैं।

खेरवाड़ा। अनुसूचित क्षेत्रों में संविधान की पांचवीं अनुसूची और आदिवासी अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुरूप शासन-प्रशासन संचालित करने की जरूरत पर जोर देते हुए आदिवासी कांग्रेस उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष एडवोकेट रवि भावा अहारी ने गांव-गांव संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्याय योद्धा तैयार करने और नियमित न्याय चौपाल आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कनबई में संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गांवों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्री चौराहे पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरधन गमेती ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आदिवासी कांग्रेस उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष एडवोकेट रवि भावा अहारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त प्राचार्य रमण अहारी, एडवोकेट सुरेंद्र डामोर, सतीश भगोरा, शैलेश कलासुआ और वागपुर सरपंच महेंद्र मीणा शामिल रहे। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि एडवोकेट रवि भावा अहारी ने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता केवल संविधान दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्याय योद्धा तैयार किए जाएं और नियमित रूप से न्याय चौपाल लगाई जाएं, ताकि ग्रामीणों को अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में शासन-प्रशासन का संचालन पांचवीं अनुसूची और संविधान के अनुच्छेद 244(1) की भावना के अनुरूप होना चाहिए। इन क्षेत्रों में पदस्थापित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पेसा एक्ट, रूढ़िगत ग्रामसभा और आदिवासी अधिकारों से संबंधित विशेष कानूनों की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। इससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा अनावश्यक टकराव की परिस्थितियों से बचा जा सकेगा।

एडवोकेट रवि भावा अहारी ने पेसा एक्ट, वनाधिकार अधिनियम (FRA), भूमि अधिग्रहण कानून और ग्रामसभा की शक्तियों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने आदिवासी समाज से जल, जंगल, जमीन और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल मेघवाल ने किया। समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता और न्याय की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Tags: