राजकीय कन्या महाविद्यालय खेरवाड़ा के कक्ष में नशामुक्ति अभियान कार्यक्रम के दौरान वक्ता, कर्मचारी और छात्राएं दिख रही हैं।

खेरवाड़ा। राजकीय कन्या महाविद्यालय, खेरवाड़ा में नई किरण नशामुक्ति अभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्थानीय पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रवीण पंड्या ने मुख्य वक्ता का स्वागत कर किया।

व्याख्यान के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, लेकिन वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही कहा कि आसपास अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान दिया जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रवीण पंड्या ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस जागरूकता पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को आजीवन नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. वंदना सांखला, दीपांक अहारी, डॉ. दिव्या सोलंकी, मोहित कुमार, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सीमा डांगी, सह प्रभारी मेहुल पंचाल, डॉ. नेहा चारण, पूजा यादव, कोमल कुमारी सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Tags: