जागरूकता शिविर में बैठे ग्रामीण खाताधारक और जानकारी देते लोग खैरवाड़ा में संविधान जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दिख रहे हैं।

खैरवाड़ा। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा परिसर खैरवाड़ा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण पुरुष एवं महिला खाताधारकों को भारतीय संविधान, नागरिकों के मूल कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का आयोजन तालुका विधिक सेवा समिति खैरवाड़ा के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ. जगदीश कुन्तल के निर्देशन में किया गया।

शिविर में पीएलवी चन्दूलाल मेघवाल ने उपस्थित ग्रामीणों को भारतीय संविधान के महत्व, संविधान की उद्देशिका और नागरिकों के मूल कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक भारतीय नागरिक के लिए जागरूकता का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ ही अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।

इस दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय लोक अदालत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका और आमजन को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और रालसा हेल्पलाइन नंबर 9928900900 के बारे में बताया गया। ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या अथवा शिकायत होने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त तालुका विधिक सेवा समिति खैरवाड़ा से भी उचित विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

शिविर में बैंक के मुख्य प्रबंधक रविन्द्र सिन्हा, सेवानिवृत्त कोटड़ा सीबीईओ जीवनलाल खराड़ी, बैंक सुरक्षा कर्मी हवलदार नानालाल अहारी, भूतपूर्व सैनिक जीवनलाल अहारी सहित बैंक स्टाफ और ग्रामीण खाताधारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी तालुका विधिक सेवा समिति खैरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने दी।

Tags: