मावली की 4 वर्षीय हिमांशी को मिली सुनने की नई क्षमता, सांसद सीपी जोशी ने 20 लाख का इलाज कराया निशुल्क
| मावली की चार वर्षीय हिमांशी जाट जन्म से सुनने की समस्या से परेशान थी। चिकित्सकों ने 20 लाख रुपये के कॉक्लियर इम्प्लांट की सलाह दी थी। आर्थिक परेशानी के बीच सांसद सीपी जोशी के प्रयासों से जयपुर में उसका निशुल्क उपचार हुआ।
बच्ची के साथ परिवार और अन्य लोग चित्तौड़गढ़ में उपचार के बाद मुलाकात करते दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। जन्म से ही सुनने की गंभीर समस्या से जूझ रही मावली निवासी रतन जाट की 4 वर्षीय पुत्री हिमांशी जाट अब सुनने के साथ सुनी हुई बातों को समझ भी सकती है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से होने वाला कॉक्लियर इम्प्लांट उपचार सांसद सीपी जोशी के प्रयासों से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में निशुल्क कराया गया।
हिमांशी जन्म से ही श्रवण संबंधी बीमारी से पीड़ित थी। उसकी बीमारी और उपचार पर आने वाले खर्च को लेकर पिता रतन जाट ने मावली में अपने परिचितों से चर्चा की और चिकित्सकों से सलाह ली। चिकित्सकों ने बीमारी के उपचार के लिए करीब 20 लाख रुपये की लागत से कॉक्लियर इम्प्लांट कराने की सलाह दी। इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था कर पाना हिमांशी के परिजनों के लिए संभव नहीं था। ऐसे में परिवार की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद हिमांशी के परिजनों ने मावली निवासी समाजसेवी एवं गुर्जर गोंड ब्राह्मण समाज के चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष प्रशांत शर्मा से संपर्क किया। शर्मा ने बालिका की श्रवण संबंधी बीमारी और उसके उपचार पर आने वाले खर्च की जानकारी क्षेत्रीय सांसद सीपी जोशी को दी। मामले की जानकारी मिलते ही सांसद जोशी ने तत्काल प्रयास करते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में हिमांशी के समुचित उपचार की व्यवस्था निशुल्क करवाई।
सफल उपचार के बाद गुरुवार को हिमांशी अपने परिजनों के साथ जिला मुख्यालय पहुंची। यहां परिजनों ने सांसद सीपी जोशी से मुलाकात कर बालिका के उपचार के लिए किए गए प्रयासों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान सांसद सीपी जोशी, सहयोगी प्रशांत शर्मा सहित अन्य का स्वागत कर आभार जताया गया।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, सांसद प्रवक्ता पवन पटवारी, मुकेश नाहटा, राजेन्द्र चतुर्वेदी, गौरव शर्मा, संजय खाब्या और अमन गोड सहित अन्य उपस्थित रहे। सांसद के प्रयासों से हिमांशी को निशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट उपचार मिलने के बाद अब वह सुनने और सुनी हुई बातों को समझने में सक्षम है।