नयागांव में 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप, नई पाइपलाइन का काम जारी
| गौरव पथ के बीच पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से 60-70 परिवार प्रभावित, विभाग ने दो-तीन दिन में नई लाइन बिछाकर जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
नयागांव में गौरव पथ के कारण पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है।
खेरवाड़ा। उपखंड मुख्यालय नयागांव में पिछले 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है। जनता जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति बाधित होने से करीब 60 से 70 परिवारों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण निजी कुओं और बोरवेल से पानी जुटाकर अपनी जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं।
इस वर्ष मानसून कमजोर रहने के कारण क्षेत्र में पहले से ही पानी की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में पिछले 15 दिनों से जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
वार्ड नंबर 6 की वार्ड पंच मेना जैन एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष गुणवंत जैन ने बताया कि जलापूर्ति की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को फोन पर जानकारी दी गई। इसके अलावा संपर्क पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन शिकायत के 15 दिन बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके चलते प्रभावित परिवारों को पेयजल की व्यवस्था के लिए निजी कुओं और बोरवेल पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि उन्हें पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़े।
वहीं, जलदाय विभाग की कनिष्ठ अभियंता लंका ने बताया कि कुएं से पानी की टंकी तक पानी पहुंचाने वाली पुरानी मुख्य पाइपलाइन सड़क के बीच में होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। संबंधित सड़क का निर्माण गौरव पथ के तहत होने से सड़क खोदकर पुरानी पाइपलाइन की मरम्मत करना संभव नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए विभाग की ओर से सड़क के किनारे नई पाइपलाइन डलवाई जा रही है।
कनिष्ठ अभियंता ने आश्वासन दिया कि आगामी दो-तीन दिनों में नई पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नयागांव में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों को विभागीय कार्य पूरा होने और पेयजल आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है।