भारत विकास परिषद खेरवाड़ा शाखा का दीपावली स्नेह मिलन समारोह संपन्न
| विद्या निकेतन स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सूरत में होने वाले आगामी पांच दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा हुई और सदस्यों का पंजीयन किया गया।
खेरवाड़ा के विद्या निकेतन स्कूल में भारत विकास परिषद के दीपावली स्नेह मिलन समारोह में जुटे पदाधिकारी व सदस्य।
खेरवाड़ा। भारत विकास परिषद शाखा खेरवाड़ा की ओर से दीपावली के अवसर पर आयोजित स्नेह मिलन समारोह में पारिवारिक उत्साह के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा हुई। विद्या निकेतन स्कूल, खेरवाड़ा में आयोजित इस समारोह में परिवार सहित करीब 60 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह के दौरान सूरत में आयोजित होने वाले आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन में परिषद की सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पांच दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए सदस्यों का पंजीयन भी किया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के विजयी प्रत्याशियों को पगड़ी एवं उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम के भामाशाह दिनेश कलाल का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष मुकेश टाक के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके बाद परिषद के पूर्व प्रांतीय महासचिव शंकर पंचाल ने राष्ट्रीय अधिवेशन की विस्तृत जानकारी देते हुए उसकी रूपरेखा और महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में परिषद के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी सदस्यों ने विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव डाया लाल कलाल ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष रामस्वरूप सुथार ने सभी का आभार व्यक्त किया। अंत में स्नेह भोज के साथ दीपावली स्नेह मिलन समारोह का समापन हुआ।