तस्वीर में खेरवाड़ा और नयागांव ब्लॉक में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीण बैठक में भाग लेते हुए नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा। गांधी जयंती के अवसर पर नयागांव एवं खेरवाड़ा ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। अरावली एवं उजाला संगठन के नेतृत्व में महिला नेताओं, प्रवासी श्रमिकों एवं ग्रामीण परिवारों ने ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी मांगों से संबंधित लिखित प्रस्ताव ग्राम पंचायतों को सौंपे।

कम बारिश से उत्पन्न सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू करने, मनरेगा में पात्र परिवारों को 125 दिन रोजगार देने और मजदूरी का समय पर भुगतान करने की मांग रखी गई। खाद्य सुरक्षा सूची में वंचित परिवारों को जोड़ने के साथ पेयजल तथा पशुओं के लिए पानी और चारे की व्यवस्था का मुद्दा भी ग्राम सभाओं में प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीणों ने वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजनों को समय पर पेंशन दिलाने, पंचायत के निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा श्रमिक परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की मांग की। स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के मुद्दे भी प्रस्तावों में शामिल रहे।

शिक्षा से जुड़े मुद्दों में जर्जर स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों की मरम्मत, पोषाहार एवं मिड-डे मील की नियमित उपलब्धता और रिक्त शिक्षक पदों को भरने की मांग रखी गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने सड़कों की मरम्मत, सीसी सड़क एवं नाली निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव भी ग्राम सभाओं में प्रस्तुत किए।

संगठन प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से दिए गए लिखित प्रस्तावों को पंचायत की कार्यवाही में शामिल कर संबंधित विभागों तक भेजा जाए, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। गांधी जयंती पर आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने रोजगार, खाद्य सुरक्षा, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अपने मुद्दों को औपचारिक रूप से पंचायतों के समक्ष रखा।

Tags: