खेरवाड़ा: बंजारिया स्कूल में मनाई गई गांधी और शास्त्री जयंती, छात्रों ने दी प्रस्तुति
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा और राष्ट्रप्रेम के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
खेरवाड़ा के राजकीय स्कूल में छात्रा द्वारा बनाया गया स्केच प्रदर्शित करते शिक्षक।
खेरवाड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंजारिया में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती राष्ट्रीय पर्व के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. सुंदरलाल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि स्थानीय प्रशासक श्रीमती शारदा देवी रहीं।
कार्यक्रम में अतिथियों एवं विद्यालय के गुरुजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों की वेशभूषा धारण कर उनके जीवन एवं आदर्शों को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कविता, गीत, भजन एवं भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
छात्रा सोनल मीणा ने गीत प्रस्तुत किया। वहीं दिव्या मीणा एवं प्रवीण मीणा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रभावशाली भाषण दिए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन-आदर्शों, मूल्यों एवं लक्ष्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता, सत्य, सदाचार, अहिंसा एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन नवीनचंद मेघवाल ने किया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्शों को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा।