महिला और पुरुष श्रद्धालु खेरोदा के मंदिर में मंशा महादेव कथा उद्यापन के दौरान पूजा में शामिल हैं।

खेरोदा कस्बे में मंशा महादेव की कथा के उद्यापन के अवसर पर विभिन्न शिवालयों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। 13 नवंबर 2026 को श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की।

इस अवसर पर कस्बे के नागाजी बावजी मंडी, दौला बावजी की मंडी तथा राजपूत समाज और मेनारिया समाज के चारभुजा नाथ स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अनुष्ठान के दौरान पंडितों ने विधि-विधान के साथ युवक-युवतियों और महिलाओं को मंशा महादेव की कथा सुनाई। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजन के तहत भगवान शिव को चूरमे का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद विधि-विधान से महाआरती संपन्न हुई।

महाआरती के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंशा महादेव की कथा के उद्यापन के साथ कस्बे के विभिन्न शिवालयों में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Tags: