मंदिर परिसर में कतार में खड़े श्रद्धालु लोग।

खेरवाड़ा। नगर के प्रसिद्ध बाबा रामदेव मंदिर में शुक्रवार को मनसा व्रत का उद्यापन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन को लेकर प्रातःकाल से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए विधि-विधान से पूजा करने पहुंचे।

मंदिर के पुजारी हंसमुख पानेरी ने भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को पंचोपचार एवं षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना करवाई गई और मनसा व्रत की कथा का श्रवण कराया गया। भक्तों ने हर्षोल्लास के साथ भगवान शिव की आराधना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार मनसा व्रत को मनोकामना पूर्ण करने वाला व्रत माना जाता है। मान्यता है कि इस व्रत का विधि-विधान से उद्यापन करने के बाद ही व्रत पूर्ण होता है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु सवा सेर आटा, सवा सेर घी और सवा सेर गुड़ से तैयार चूरमे के साथ पूजन सामग्री की थाली लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शंकर को भोग अर्पित किया।

उद्यापन पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालु अपने घरों में परिवारजनों के साथ प्रसादी का आयोजन करते हैं। इसमें परिवार के सभी सदस्य सहभागी बनते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान भोलेनाथ का व्रत एवं पूजन करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं महादेव पूर्ण करते हैं।

इस अवसर पर प्रवक्ता जगदीश व्यास ने भी परिवार सहित भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया। मनसा व्रत के उद्यापन के चलते पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत की धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया।

Tags: