फतेहनगर में शिवम ज्वेलर्स पर चोरी के प्रयास के दौरान बदमाशों द्वारा क्षतिग्रस्त दुकान का मुख्य शटर।

फतेहनगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब बाजार के बीच मुख्य मार्ग पर स्थित ज्वेलरी शॉप भी उनके निशाने पर हैं। रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित शिवम ज्वेलर्स पर शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे हथियारबंद आधा दर्जन बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। बदमाश दुकान का शटर उखाड़कर अंदर घुसने की तैयारी में थे, लेकिन इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पहुंचने से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस वाहन को देखते ही सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 5-6 हथियारबंद व्यक्ति रात के अंधेरे में रोडवेज बस स्टैंड के पास पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले शिवम ज्वेलर्स और अमन मेडिकल के बीच स्थित श्रृंगार स्टोर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, दुकान का बोर्ड देखने के बाद उन्होंने अपना इरादा बदल दिया और इसके बाद शिवम ज्वेलर्स को निशाना बनाया।

बदमाशों ने शिवम ज्वेलर्स का लॉक तोड़कर शटर उखाड़ने की कोशिश शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के लिए वे शटर तोड़ने के आवश्यक औजार और अन्य सामान भी अपने साथ लेकर आए थे। इसी दौरान ईंटाली चौराहे की ओर से पुलिस की गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस वाहन पर नजर पड़ते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को देखते ही एक बदमाश बाजार की ओर भागा, जबकि अन्य बदमाश दुकान के पिछवाड़े स्थित गली की तरफ भाग निकले। पुलिस वाहन भी तेजी से गली में पहुंचा, लेकिन तब तक बदमाश दीवार फांदकर फरार हो चुके थे।

दुकान मालिक नारायणलाल जाट ने बताया कि बदमाशों ने दुकान के शटर और लॉक को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यदि कुछ ही देर में पुलिस की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंचती तो चोर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो सकते थे।

पूरी वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बाजार के बीच मुख्य मार्ग पर स्थित ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने की इस घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, पुलिस की त्वरित गश्त और मुस्तैदी के चलते चोरी की बड़ी वारदात टलने से राहत भी महसूस की जा रही है।

Tags: