खेरवाड़ा के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में मनसा वाचा व्रत के उद्यापन पर शिवलिंग की पूजा करती महिला श्रद्धालु।

खेरवाड़ा के बीस दुकान क्षेत्र स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में कार्तिक सुदी चौथ के पावन अवसर पर मनसा वाचा व्रत के उद्यापन को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही व्रतधारी भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मंदिर के पुजारी कैलाश जोशी ने सभी व्रतधारी श्रद्धालुओं को बारी-बारी से मनसा वाचा व्रत की कथा श्रवण कराई। कथा के पश्चात भक्तों ने भगवान महादेव का जलाभिषेक किया और लड्डू का भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल होकर भक्तिभाव में लीन रहे।

धार्मिक आयोजन के दौरान बीस दुकान क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धा और आस्था का माहौल बना रहा। मनसा वाचा व्रत के उद्यापन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।

Tags: