झुन्थरी के सोमनाथ महादेव मंदिर में मां कूष्मांडा की पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ शुरू
झुन्थरी के श्री सोमनाथ महादेव मंदिर में मां कूष्मांडा की पूजा के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ और रात्रि गरबा का दौर जारी है।
खेरवाड़ा के झुन्थरी स्थित श्री सोमनाथ महादेव मंदिर परिसर में नवरात्रि उत्सव के दौरान भव्य रूप से सजाई गई माता रानी की प्रतिमाएं।
खेरवाड़ा के झुन्थरी स्थित श्री सोमनाथ महादेव मंदिर में नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पंडित चिराग व्यास के सानिध्य में नौ दिवसीय दुर्गा सप्तशती पाठ एवं मंत्रोच्चार का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर में सुबह-शाम माता की आरती और रात्रि में गरबा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश मेहता एवं आयोजन समिति के घनश्याम जोशी ने बताया कि नौ दिनों तक पंडित चिराग व्यास के मुखारविंद से प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन सुबह और शाम माता की आरती होगी तथा रात में गरबा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
आयोजन के तहत नवरात्रि की अष्टमी को हवन किया जाएगा। इसके बाद दसवें दिन जवारा विसर्जन, पूर्णाहुति एवं कन्या पूजन के साथ नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। दुर्गा सप्तशती पाठ, नियमित आरती और गरबा कार्यक्रम के माध्यम से श्री सोमनाथ महादेव मंदिर परिसर में नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।