खेरवाड़ा: 30 सितंबर तक बनवाएं फार्मर आईडी, शिविर आयोजित
नयागांव तहसीलदार ने शिविरों में नई फार्मर आईडी बनवाने और छूटे हुए खसरों को दर्ज कराने की अपील की।
खेरवाड़ा। नयागांव तहसीलदार डूंगर लाल प्रजापत ने क्षेत्र के किसानों से 30 सितंबर 2026 तक अपनी फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है। किसानों की सुविधा के लिए 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
तहसीलदार प्रजापत ने किसानों से कहा कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कैंप में पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनवाएं। जिन किसानों ने पहले से फार्मर आईडी बनवा रखी है, वे भी कैंप में पहुंचकर यह जांच करवा लें कि उनकी सभी खसरों की जमीन फार्मर आईडी से जुड़ी हुई है या नहीं। यदि किसी किसान का कोई खसरा छूट गया है तो उसे भी फार्मर आईडी में जुड़वाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसल को एमएसपी पर बेचने सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी फार्मर आईडी उपयोगी है। किसान के पास जितनी भूमि होगी, उतना ही भूमि संबंधी विवरण फार्मर आईडी से जुड़ा होना जरूरी है।
तहसीलदार डूंगर लाल प्रजापत ने किसानों से अपील की कि मौका हाथ से निकलने से पहले अपने ग्राम पंचायत में आयोजित कैंप में पहुंचकर फार्मर आईडी बनवाएं। जिन किसानों की फार्मर आईडी पहले से बनी हुई है, वे उसमें दर्ज भूमि संबंधी विवरण की जांच भी अवश्य करवाएं, ताकि उनकी सभी खसरों की जमीन फार्मर आईडी से जुड़ी हो।