खेरवाड़ा में आकाशीय बिजली का कहर, हजारों के विद्युत उपकरण जले; छत में हुआ छेद
खेरवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से कई घरों के विद्युत उपकरण जल गए और मकान की छत में छेद हो गया, जबकि जनहानि नहीं हुई।
तस्वीर में आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ विद्युत मीटर और ज़मीन पर बना गड्ढा दिख रहा है.
खेरवाड़ा कस्बे में गत रात्रि बादलों की गड़गड़ाहट के बीच आकाशीय बिजली गिरने से कई घरों में विद्युत उपकरण जल गए। अचानक हुई इस घटना से लोगों को हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
केबल संचालक सहयोगी रवि राज मीणा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश नगर निवासी बंशीलाल पुत्र लाल जी पटेल के घर पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान की छत में छेद हो गया। इसके साथ ही मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली विभाग द्वारा लगाया गया विद्युत मीटर भी जल गया।
इसके अलावा कस्बे एवं आसपास के घरों और गांवों में कई लोगों के घरों में बिजली के पंखे क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह सीएफएल लाइट एवं एलईडी बल्ब भी फ्यूज हो गए। अचानक हुई आकाशीय बिजली की इस घटना से प्रभावित लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना में मकान की छत और दीवार क्षतिग्रस्त होने के साथ विद्युत मीटर तथा घरेलू उपकरणों के जलने से नुकसान का असर कई घरों तक रहा। राहत की बात यह रही कि आकाशीय बिजली गिरने के बावजूद किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।